Site icon Bhagwa Sanatan Times

अल्मोड़ा की महिला किसान प्रीति पंत दिल्ली में सम्मानित, कृषि मंत्रालय ने किया सम्मान

अल्मोड़ा:(जीशान मलिक) विकासखंड ताड़ीखेत के ग्राम वलना निवासी प्रगतिशील महिला कृषक प्रीति पंत को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिल्ली में सम्मानित किया गया है। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 15 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय महिला किसान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान दिया गया। उत्तराखंड से इस सम्मान के लिए एकमात्र महिला कृषक के रूप में उनका चयन हुआ।मुख्य कृषि अधिकारी विजय प्रकाश मौर्य ने बताया कि प्रीति पंत पिछले 20 सालों से खेती कर रही हैं। पहले परंपरागत खेती से उन्हें ज्यादा लाभ नहीं मिल पा रहा था। 10-12 साल पहले कृषि विभाग के संपर्क में आने के बाद उन्होंने आत्मा योजना के तहत प्रशिक्षण और भ्रमण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और वैज्ञानिक खेती अपनाई।

विभाग द्वारा उन्हें उन्नत बीज, फसल सुरक्षा सहायता और फार्म मशीनरी बैंक के माध्यम से पावर वीडर, चैफ कटर, ब्रश कटर और चक्की जैसे यंत्र उपलब्ध कराए गए। इन संसाधनों से उन्होंने अपनी आय बढ़ाई और अब अन्य किसानों को भी उन्नत खेती के लिए प्रेरित कर रही हैं।प्रीति मडुवा, गेहूं, भट्ट, मसूर, मक्का, उड़द के साथ सब्जी और मसालों की खेती भी करती हैं। उनकी सफलता की कहानी विभाग ने भारत सरकार को भेजी थी, जिसके आधार पर उन्हें चुना गया। मुख्य कृषि अधिकारी ने कहा कि यह सम्मान जनपद और प्रदेश के लिए गौरव की बात है और महिला किसानों को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देगा।

Exit mobile version