
पौड़ी:(जीशान मलिक) जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) को व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शनिवार को संपन्न हो गया।प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की प्रक्रिया, प्रश्नावली के अनुरूप जानकारी दर्ज करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स अब जिले के पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे।
मास्टर ट्रेनर एवं खंड शिक्षाधिकारी एकेश्वर गुंजन अमरोही ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश की सामाजिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का आकलन करने का महत्वपूर्ण आधार हैं। इसलिए जनगणना कार्य में प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी, पारदर्शिता और सटीकता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को फील्ड ट्रेनर्स आगे पर्यवेक्षकों और प्रगणकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं, ताकि प्रक्रिया में एकरूपता बनी रहे।जनगणना निदेशालय से आए मास्टर ट्रेनर कमल कर्नाटक ने कहा कि जनसंख्या गणना के दौरान प्रश्नावली में निर्धारित सवालों के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति से आवश्यक जानकारियां प्राप्त की जाएंगी। उन्होंने प्रश्न पूछने की सही प्रक्रिया, उत्तरों को निर्धारित प्रारूप में दर्ज करने और आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर राकेश पोखरियाल, जिला प्रभारी जनगणना शिव कुमार एवं वीरेंद्र कुमार, फील्ड ट्रेनर प्रदीप बिष्ट सहित अन्य उपस्थित रहे।

