Site icon Bhagwa Sanatan Times

480 नशीले कैप्सूल के साथ तस्कर धराया, बाइक सीज, मेडिकल स्टोर संचालक की तलाश में जुटी पुलिस

हरिद्वार:(जीशान मलिक)कोतवाली रानीपुर पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। ऑपरेशन प्रहार के तहत शनिवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार तस्कर को 480 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने सीज कर दी है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम सुमननगर क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गढ़मीरपुर पथरी पुल तिराहे पर बाइक सवार एक संदिग्ध को रोका गया। तलाशी में उसके पास से 480 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। आरोपी की पहचान इस्लाम पुत्र मतलूब निवासी ग्राम भोगपुर, लक्सर के रूप में हुई।

सख्ती से पूछताछ में आरोपी इस्लाम ने खुलासा किया कि बरामद नशीले कैप्सूल वह पथरी थाना क्षेत्र के दौड़बसी नसीरपुर कलां स्थित एक मेडिकल स्टोर से लेकर आया था। आरोपी के बयान के बाद पुलिस ने फरार मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ भी NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

इस कार्रवाई को सुमननगर चौकी प्रभारी एसआई अर्जुन कुमार, कांस्टेबल जोत सिंह, विजयपाल, बीरेन्द्र जोशी व गिरेन्द्र की टीम में शामिल रहे।

Exit mobile version