Site icon Bhagwa Sanatan Times

होटल कारोबारी पर दिनदहाड़े फायरिंग, गंभीर रूप से घायल; पुलिस जांच में जुटी

 

हरिद्वार:(भगवा सनातन टाइम्स संवाददाता)उत्तरी हरिद्वार की गुंसाई गली सोमवार शाम उस समय गोलियों की गूंज से दहल उठी जब अज्ञात बदमाशों ने एक होटल कारोबारी पर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल भूमानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना शाम करीब छह बजे की है। घायल की पहचान अरुण कुमार निवासी ग्राम सातला, जिला रोहतक (हरियाणा) के रूप में हुई है। अरुण कुमार हाल ही में उत्तरी हरिद्वार स्थित होटल खन्ना रेजिडेंसी को लीज पर लेकर संचालित कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के वक्त अरुण होटल के बाहर आइसक्रीम खा रहा था, तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार तीन युवक आए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसपी सिटी पंकज गैरोला, शहर कोतवाल रितेश शाह और इंस्पेक्टर वीरेंद्र चंद्र रमोला सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल की जांच शुरू की।

एसपी सिटी गैरोला ने बताया कि हमला प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश का परिणाम प्रतीत हो रहा है, जिसकी जड़ें हरियाणा से जुड़ी हो सकती हैं। पुलिस हमलावरों की तलाश में शहरभर में चेकिंग अभियान चला रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

घायल अरुण कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस को शक है कि हमलावर भी हरियाणा के ही रहने वाले हो सकते हैं। मामले की जांच तेजी से जारी है और जल्द खुलासा होने का दावा किया गया है।

Exit mobile version