Site icon Bhagwa Sanatan Times

कनखल में सरेराह कारोबारी पर हमला, दो आरोपी पुलिस हिरासत में; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

हरिद्वार:(जीशान मलिक) कनखल क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बाइक सवार युवकों द्वारा एक कारोबारी पर कथित जानलेवा हमला किए जाने से सनसनी फैल गई। हमले में ब्रह्म विहार फेस-1 निवासी सुमित कुमार बंसल गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर कनखल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार सुमित कुमार बंसल शुक्रवार दोपहर करीब 3:35 बजे दादूद्वारा स्थित अपने कार्यालय से बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि जैसे ही वह लाटोवाली तिराहे के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए करीब पांच युवक दो बाइकों पर सवार होकर आए। आरोप है कि युवकों ने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे और उन्होंने सुमित पर डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

तहरीर के मुताबिक हमलावरों ने सुमित को बाइक से नीचे गिरा दिया और उनके सिर तथा शरीर पर कई वार किए। हमले के दौरान जान बचाने के लिए पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। इसी बीच भीड़ ने कथित तौर पर एक हमलावर को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

पीड़ित ने अपनी तहरीर में हमले के दौरान गले से करीब 11 ग्राम वजन की सोने की चेन गायब होने का भी आरोप लगाया है। साथ ही आरोप है कि हमलावर मौके से फरार होते समय पीड़ित को जान से मारने की धमकी देकर गए।

तहरीर में शिवम पुत्र राजकुमार निवासी लक्सर, मनीष पुत्र सोहन निवासी लक्सर तथा वंश पुत्र सोमिन, हाल निवासी टंकी नंबर-6 मायापुर को नामजद किया गया है। इसके अलावा दो अज्ञात युवकों का भी उल्लेख किया गया है।

पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया कि 7 अप्रैल 2022 को भी उसके साथ इसी तरह का हमला हुआ था। उसने आरोप लगाया कि उस घटना के पीछे सुनील कुमार अग्रवाल और अमित गौतम का हाथ था। वर्तमान हमले के संबंध में भी पीड़ित ने उक्त दोनों पर साजिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने सभी आरोपों को जांच के दायरे में लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

घायल सुमित का जिला चिकित्सालय में मेडिकल कराया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जा सके।घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा और दहशत का माहौल है। वहीं पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने तथा परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Exit mobile version