Site icon Bhagwa Sanatan Times

हरिद्वार में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस, संविधान की प्रस्तावना की दिलाई गई शपथ

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) जिला न्यायालय परिसर रोशनाबाद हरिद्वार सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा संविधान दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।जिला न्यायालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नरेंद्र दत्त ने की। इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिमरनजीत कौर ने सभी को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई।

अपने संबोधन में जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने कहा कि भारतीय संविधान बिना किसी भेदभाव के सभी धर्म, जाति, लिंग को समान अवसर व समान विधिक अधिकार प्रदान करता है। हम सबका यह दायित्व है कि संविधान के अनुरूप ही अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।कार्यक्रम में परिवार न्यायाधीश, सभी जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरिद्वार, सभी सिविल जज (सीनियर डिविजन), अन्य न्यायिक अधिकारीगण तथा जिला जज कार्यालय के सभी स्टाफ व कर्मचारी उपस्थित रहे। बाह्य न्यायालय रुड़की एवं लक्सर में भी सभी न्यायिक अधिकारियों द्वारा संविधान दिवस मनाया गया।

मदरहुड यूनिवर्सिटी रुड़की में विधि विभाग व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस मनाया गया। मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए संविधान की विशेषताओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि संविधान में सभी नागरिकों को मौलिक अधिकार व मूल कर्तव्य दिए गए हैं, हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नरेंद्र शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योति बाला, सचिव सिमरनजीत कौर, प्राध्यापकगण व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जिला कारागार रोशनाबाद में भी रिटेनर अधिवक्ता द्वारा विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बंदियों को उनके संवैधानिक अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई।वहीं मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार के सभागार में जिला प्रशासन व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में ‘मेरा युवा भारत’ कार्यक्रम की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला की अध्यक्षता में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत शिविर आयोजित किया गया। इसमें मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, सचिव सिमरनजीत कौर उपस्थित रहीं। सचिव ने युवाओं को नशे से दूर रहने व नशे से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में बताया तथा नालसा की डॉन स्कीम 2025 के बारे में भी जानकारी दी।इसके अलावा जिला कलेक्ट्रेट के सभागार में जिला प्रशासन की ओर से संविधान दिवस पर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा की अध्यक्षता में गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें पैनल अधिवक्ता व विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। गोष्ठी में उत्तराखंड राज्य द्वारा बनाए गए नए अधिनियमों पर चर्चा की गई।

Exit mobile version