
हरिद्वार:(रागिब नसीम) जनपद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जिला कार्यालय सभागार में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने गांधी जी और शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर एडीएम वैभव गुप्ता ने कहा कि महापुरुषों का जीवन समाज को सही दिशा देता है। महात्मा गांधी जी ने सत्य और अहिंसा से दुनिया को मानवता और शांति का संदेश दिया, उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देश की एकता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने कहा कि इन महापुरुषों के आदर्श कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा से आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में आनंदमई सेवा सदन महिला इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा गांधी जी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिन्हें एडीएम द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रशासनिक अधिकारी नवीन मोहन ने किया।इसके साथ ही जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों में चित्रकला, भाषण, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इस दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी प्रदीप शर्मा सहित जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

