
हरिद्वार:(जीशान मलिक) उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह का शुभारंभ प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान भराड़ीसैंण में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया।इस आयोजित समारोह में राज्य आंदोलनकारियों को पटका और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लोकगीत और लोकनृत्यों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखण्ड आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य ने 26 वर्षों में हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। यूसीसी पंजीकरण में हरिद्वार जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर है, जहां अब तक एक लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं।उन्होंने बताया कि नीति आयोग की रिपोर्ट में हरिद्वार ने देश के 112 आकांक्षी जनपदों में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत जनपद में 71 बहुउद्देशीय शिविर लगाए गए, जिनमें 2,231 शिकायतों का निस्तारण किया गया और 51 हजार से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिला।
महाराज ने कहा कि आगामी कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास, प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर और गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद में एक लाख से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि, 1.37 लाख लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन और 10.40 लाख से अधिक लोगों को आयुष्मान कार्ड का लाभ मिल रहा है। 23 हजार से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर लखपति दीदी बन चुकी हैं।इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, लाभार्थियों, पर्यावरण मित्रों और प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सूचना विभाग की विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन भी किया गया।
समारोह में मेयर किरण जैसल, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, विधायक आदेश चौहान, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

