Site icon Bhagwa Sanatan Times

शहीदों के सपनों का उत्तराखण्ड बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि : धामी

देहरादून:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि पृथक उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों सहित समाज के सभी वर्गों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी के सामूहिक संघर्ष से ही पृथक राज्य का सपना साकार हुआ। शहीदों का बलिदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिली है।धामी ने कहा कि सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास पहुंचाना, युवाओं को रोजगार देना और पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस हमें गौरवशाली संघर्ष को याद करने के साथ विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण का संकल्प मजबूत करने की प्रेरणा देता है। शहीदों के सपनों के अनुरूप उत्तराखण्ड का निर्माण ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version