हरिद्वार ताइक्वांडो संघ के तत्वावधान में मॉडर्न चिल्ड्रन एकेडमी स्कूल में ताइक्वांडो बेल्ट ग्रेडेशन परीक्षा का आयोजन बड़े उत्साह और जोश के साथ किया गया। इस परीक्षा में जिले के लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर आत्मरक्षा की इस लोकप्रिय कला में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए अंशुमन, शिवांशु और सिया ठाकुर ने येलो बेल्ट, देव मलियान व देव्यांशी ने ग्रीन बेल्ट, जबकि ओम मलियान ने ब्लू बेल्ट प्राप्त की। सभी बच्चों के अनुशासन और लगन की सराहना अतिथियों और अभिभावकों ने की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रिंसिपल सीमा सैनी ने की, वहीं परीक्षा का संचालन कोच रवींद्र परमार द्वारा किया गया। उत्तराखंड ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव श्री संदीप सैनी ने बेल्ट एग्ज़ामिनर की भूमिका निभाई।
मुख्य अतिथियों ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और बेल्ट प्रदान किए तथा बच्चों को आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो केवल आत्मरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करने की कला है।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय स्टाफ और अभिभावकों ने सभी प्रतिभागियों की हौसला-अफ़ज़ाई की और आयोजन की सफलता पर आयोजकों को बधाई दी।

