Site icon Bhagwa Sanatan Times

हरिद्वार के जमालपुर कलाँ में अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, 10 बीघा में बनी प्लॉटिंग ध्वस्त

हरिद्वार:(चीफ एडिटर)धर्मनगरी में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की टीम ने सोमवार को जमालपुर कलाँ क्षेत्र में बुलडोजर चलाकर 8 से 10 बीघा जमीन पर विकसित हो रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई राजा गार्डन रोड स्थित तालाब के पास की गई, जहां बिना मानचित्र स्वीकृति के प्लॉटिंग का काम चल रहा था। सूचना मिलते ही प्राधिकरण की टीम जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया। बताया गया कि सूरज सैनी नामक व्यक्ति द्वारा नियमों के विरुद्ध प्लॉट काटकर बेचे जा रहे थे।किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई शांतिपूर्ण रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

“बिना नक्शा पास कराए कॉलोनी जोखिम भरी”

प्राधिकरण के अनुसार बिना मानचित्र स्वीकृति की कॉलोनियां न सिर्फ नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि आम लोगों के लिए भी जोखिम भरी होती हैं। इनमें न मूलभूत सुविधाएं होती हैं और न ही कानूनी सुरक्षा, जिससे निवेशकों को भविष्य में नुकसान उठाना पड़ सकता है।

अधिकारियों ने बिल्डरों और प्रॉपर्टी डीलरों को चेतावनी दी है कि निर्माण से पहले संबंधित विभाग से मानचित्र पास कराना अनिवार्य है। भविष्य में भी ऐसी सूचना पर तत्काल कार्रवाई होगी।स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि इससे अवैध कॉलोनियों पर रोक लगेगी और शहर का सुनियोजित विकास होगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि संपत्ति में निवेश से पहले उसकी वैधता जरूर जांच लें।

Exit mobile version