
हरिद्वार:(जीशान मलिक) जनपद के बेरोजगार एवं रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। एसआईएस लिमिटेड क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, देहरादून की ओर से हरिद्वार जिले के विभिन्न विकासखंडों में सुरक्षा जवानों की भर्ती के लिए विकासखंड स्तरीय भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से पात्र युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने बताया कि भर्ती शिविरों का आयोजन भगवानपुर, रुड़की, नारसन, लक्सर, खानपुर और बहादराबाद विकासखंड सभागारों में निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। भगवानपुर में 19 एवं 21 सितंबर, रुड़की में 22 एवं 23 सितंबर, नारसन में 24 एवं 25 सितंबर, लक्सर में 26 एवं 28 सितंबर, खानपुर में 29 सितंबर एवं 1 अक्टूबर तथा बहादराबाद में 3 एवं 5 अक्टूबर को भर्ती शिविर लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। भर्ती में शामिल होने वाले किसी भी पात्र एवं इच्छुक युवक से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। युवाओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने आवश्यक अभिलेखों के साथ संबंधित विकासखंड सभागार में पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में प्रतिभाग करें और रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाएं।

