
हरिद्वार:(चीफ एडिटर) देवपुरा चौक पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना-प्रदर्शन 18 नवंबर 2026 को लगातार सातवें दिन भी जारी रहा। अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन समाप्त नहीं होगा।धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री ममता बादल ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री उनके मानदेय से संबंधित शासनादेश (जीओ) जारी नहीं करते, तब तक वे पीछे हटने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक धरना लगातार जारी रहेगा।
ममता बादल ने आगे कहा कि आंदोलन के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर तालाबंदी जारी रहेगी और कार्यकर्ता किसी भी प्रकार का ऑनलाइन या ऑफलाइन कार्य नहीं करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा मांगों पर निर्णय लिए जाने के बाद ही आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
धरने में आशा, करण पाल, सारिका शर्मा, रुक्मणी खरे, उषा सैनी, संगीता शर्मा, प्रतिभा राय, अंजू सिंह, यशोदा, नाजीन सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया। अब देखना होगा कि सरकार उनकी मांगों पर कब तक निर्णय लेती है।

