
हरिद्वार:(जीशान मलिक) फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन हरिद्वार इकाई ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को उनके कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।जनपदीय अध्यक्ष सईद अहमद की अध्यक्षता एवं जनपदीय मंत्री रोहित कुमार शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कनिष्ठ सहायक का ग्रेड वेतन 2800 रुपये किए जाने, प्रधान सहायक एवं प्रशासनिक अधिकारी पद का समायोजन करने तथा उप निदेशक (प्रशासनिक) का लेवल-11 पद सृजित कर 6600 रुपये ग्रेड वेतन दिए जाने सहित 12 मांगें शामिल हैं।
पदाधिकारियों ने बताया कि इन मांगों को लेकर प्रांतीय संगठन और शासन के बीच कई दौर की वार्ता हो चुकी है और कई बिंदुओं पर सहमति भी बन चुकी है, लेकिन आज तक शासनादेश जारी नहीं हुए हैं। उन्होंने सरकार से लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।फेडरेशन ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 25 सितंबर को जिला मुख्यालय रोशनाबाद में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।
इस दौरान इमरान अंसारी, कुलदीप बिष्ट, रवि कपूर, धीरेन्द्र सिंह, मुकुल चौहान, यशवंत सिंह, अंशु तोमर सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

