स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस महकमे की भव्य तिरंगा यात्रा, हजारों पुलिसकर्मी हुए शामिल
मुरादाबाद,आलम अंसारी,भगवा सनातन टाइम्स
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पुलिस महकमे की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन से एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह और एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में तिरंगा थामे हजारों पुलिसकर्मी जब सड़कों पर उतरे, तो वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
यह तिरंगा यात्रा पुलिस लाइन से महिला थाना, आंबेडकर पार्क, जैन मंदिर, गुरहट्टी, नीम की प्याऊ, टाउन हॉल होते हुए इंपीरियल तिराहे तक गई और वहां से बुधबाजार चौराहा, जीएमडी रोड, ताड़ीखाना, गुरहट्टी, जैन मंदिर, पीली कोठी, जिला अस्पताल के सामने से होते हुए पुनः पुलिस लाइन में संपन्न हुई।
डीजे पर बजते देशभक्ति गीतों के बीच पुलिसकर्मी नारे लगाते हुए एकता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दे रहे थे। इस मौके पर एसपी सिटी, एसपी ट्रैफिक, सीओ सिविल लाइंस, सीओ कटघर, सीओ कोतवाली, सीओ हाईवे समेत सभी एसएचओ भी शामिल रहे। खास बात यह रही कि इस यात्रा में पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहे एक हजार रंगरूटों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
