
हरिद्वार:(जीशान मलिक) तीर्थ नगरी हरिद्वार में आयोजित होने वाले सोमवती अमावस्या स्नान पर्व-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज स्थित सभागार में पुलिस अधीक्षक यातायात/अपराध निशा यादव द्वारा पर्व ड्यूटी में नियुक्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की गई।हिन्दू धर्म में विशेष महत्व रखने वाले इस पर्व पर हरकी पैड़ी सहित विभिन्न घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सम्पूर्ण मेले का प्रभारी अधिकारी एसपी सिटी को नियुक्त किया गया है।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी, एंटी-सबोटाज चेकिंग, अफवाहों की रोकथाम, घाटों पर सुरक्षा, जल पुलिस की तैनाती, संचार व्यवस्था एवं आमजन के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।विशेष रूप से हरकी पैड़ी एवं प्रमुख स्नान घाटों पर भीड़ का दबाव बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को वैकल्पिक घाटों की ओर डायवर्ट करने, जेबकतरों एवं उठाईगिरों पर निगरानी रखने, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतत समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
“ब्रीफिंग के दौरान दिए गए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश…
1.मेला क्षेत्र को 02 सुपर जोन, 14 जोन एवं 44 सेक्टर में विभाजित किया गया है। रेलवे स्टेशन, हरकी पैड़ी आदि स्नान स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु दिखने पर संयत रहकर तत्काल बीडीएस टीम व श्वान दल से सम्पर्क करें व लगातार एंटी-सबोटाज एवं फ्रिस्किंग की कार्यवाही की जाए।
2. मेले में बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन हेतु अभियान चलाया गया है तथा संदिग्ध व्यक्तियों व संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कराई गई है। मेले के दौरान जनपद में प्रवेश करने वाले तथा जनपद से प्रस्थान करने वाले सभी वाहनों की चेकिंग की जाएगी।
3.ड्यूटी पर नियुक्त प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी को अपनी ड्यूटी के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए। उसके पास निकटवर्ती पुलिस कर्मी एवं महत्वपूर्ण नम्बर अवश्य हों। ड्यूटी के दौरान कोई भी अधिकारी व कर्मचारी अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करेगा।
4.पूर्व में जारी ट्रैफिक प्लान सभी को स्पष्ट रूप से मालूम होना चाहिए, जिससे वाहनों को सही मार्ग पर रवाना कर भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
5.मेले के दौरान किसी भी तरह की अफवाहों को न फैलने दें। चेतक व मोबाइल वाहन निरन्तर अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण पर रहेंगे व गड़बड़ी फैलाने वाले तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए अपने उच्चाधिकारियों को सूचित करेंगे।
6.समस्त जोनल प्रभारी व सेक्टर प्रभारी ड्यूटी स्थल पर कर्मचारीगण को उसकी ड्यूटी के विषय में भली भांति ब्रीफ कर लें। यदि कर्मचारी को अपनी ड्यूटी के सम्बन्ध में कोई भी भ्रम हो तो अपने उच्चाधिकारी से अवश्य पूछें।
7.व्यवहार शालीन एवं दृढ़ हो, यह सुनिश्चित किया जाए। पुलिसकर्मी से आमजन को बहुत अपेक्षाएं होती हैं, इसलिए ऐसा कोई भी कार्य या व्यवहार न करें जिससे आप स्वयं ही समस्या एवं कानून व्यवस्था को प्रभावित करने का मुद्दा बन जाएं।
8.सेक्टर अधिकारी एवं जोनल अधिकारी अपने अधीनस्थों के साथ आज शाम ही अपने-अपने सेक्टरों में गोष्ठी कर ड्यूटी में आने वाली समस्या का निराकरण करें।
9.ड्यूटी पर नियुक्त सभी अधिकारी एवं कर्मचारीगण आपस में कम्यूनिकेशन बनाए रखें, लगातार सम्पर्क में रहें, महत्वपूर्ण सूचनाओं को आपस में लगातार साझा करते रहें।
10. रात्रि में ड्यूटी पर नियुक्त पुलिस बल किसी भी दशा में मुख्य सड़क मार्ग पर वाहनों को अनावश्यक रूप से पार्क न होने दें।
11.मेले ड्यूटी में नियुक्त सभी अधिकारी अपने सीमावर्ती सेक्टर व जोनल प्रभारियों का मोबाइल नम्बर, जल पुलिस, बम स्क्वायड प्रभारी आदि महत्वपूर्ण नम्बरों को अपने पास अवश्य रखें व अपने प्रतिस्थानी के आने पर ही अपनी ड्यूटी प्वाइंट छोड़ें।
12.स्नान पर्व के दिन प्रातः दो बजे ही घाटों पर सो रहे श्रद्धालुओं को जगाकर घाटों को खाली कर दिया जाए, जिससे श्रद्धालुगण आसानी से स्नान कर अपने गन्तव्य के लिए रवाना हो सकें।
13. जेब कतरों एवं उठाईगिरों पर सतर्क दृष्टि रखने हेतु सादे वस्त्रों में नियुक्त फोर्स निरन्तर घाटों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर भ्रमणशील रहेगी।
14.इंस्पेक्टर एलआईयू संवेदनशील स्थानों पर अभिसूचना कर्मियों को नियुक्त कर लाभप्रद सूचना से अवगत कराना सुनिश्चित करेंगे।
15.हरकी पैड़ी स्थल के प्रमुख स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होने की दशा में भीड़ को अन्य घाटों पर डायवर्ट कराया जाए।
16.श्रद्धालुओं के स्नान करते समय घाटों पर फिसलने, डूबने व बहने की दशा में उनके बचाव हेतु जल पुलिस के जवान रोकथाम एवं बचाव कार्य करेंगे।
17.हरकी पैड़ी की ओर आने वाले प्रत्येक पुल के दोनों किनारों पर नियुक्त पुलिस बल को रस्से दिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं की आकस्मिक भीड़ होने पर हरकी पैड़ी के निकट घाटों पर भीड़ को डायवर्ट किया जा सके।उक्त अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
“मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस फोर्स…
अपर पुलिस अधीक्षक – 02, पुलिस उपाधीक्षक – 07, निरीक्षक/थानाध्यक्ष/व.उ.नि. – 23, उपनिरीक्षक/अ.उ.नि. – 73, महिला उ.नि. – 11, मुख्य आरक्षी/आरक्षी – 206, महिला मुख्य आरक्षी/आरक्षी – 58, यातायात पुलिस – 08, निरीक्षक यातायात – 02, उ.नि./अ.उ.नि. यातायात – 16, मुख्य आरक्षी/आरक्षी यातायात – 26, अभिसूचना इकाई – 10, बीडीएस टीम/डॉग स्क्वॉड – 02 टीम, घुड़सवार पुलिस – 04 टीम, जल पुलिस – 16 कर्मी, पीएसी – 03 कम्पनी 01 प्लाटून, उ.नि. प्रशिक्षु पीटीसी – 157, रिक्रूट आरक्षी 40 पीएसी – 100, होमगार्ड जवान – 250, पीआरडी जवान – 250, फायर – 14 कर्मी।
मेला क्षेत्र में परिजनों से बिछुड़ने वाले श्रद्धालुओं की सहायता हेतु सीसीआर पर खोया-पाया केन्द्र की स्थापना की गई है।

