Site icon Bhagwa Sanatan Times

सीएम धामी ने किया ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ, पिथौरागढ़ को दी 102.72 करोड़ की सौगात

पिथौरागढ़:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जनपद पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र में काली एवं गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 102.48 करोड़ की 24 योजनाओं का शिलान्यास तथा 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। यह मेला सदियों से दोनों देशों के लोगों को सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से जोड़ता आ रहा है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों के इतिहास में इस मेले का विशेष स्थान रहा है।उन्होंने कहा कि जौलजीबी मेले से उनका बचपन से विशेष लगाव रहा है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए रखने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का माध्यम हैं। लोक कलाकारों, स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यवसायों को प्रोत्साहन देने में भी इन मेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास राज्य सरकार की विशेष प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है।मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में 23.26 करोड़ की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) का निर्माण, 13.38 करोड़ की घाट पंपिंग पेयजल योजना, 36.10 करोड़ की खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा योजना तथा 8.80 करोड़ की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर सेतु का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन, सिंचाई से जुड़ी योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग एवं हिमालय दर्शन शेड का लोकार्पण भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनियों एवं स्टॉलों का निरीक्षण किया। मेले में भारत एवं नेपाल के व्यापारियों की सहभागिता के साथ ही पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।कार्यक्रम को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, विधायक धारचूला हरीश धामी, नगर निगम पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा भारत एवं नेपाल के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Exit mobile version