Site icon Bhagwa Sanatan Times

मुख्यमंत्री धामी ने किया कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की स्वर्ण जयंती का शुभारंभ

देहरादून:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नरेंद्रनगर में 50वें सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। नवरात्रि के प्रथम दिवस पर शुरू हुए इस नौ दिवसीय मेले में उन्होंने सांस्कृतिक झांकियों का अवलोकन किया और विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन कर विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया।इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद स्थल पर अमर शहीदों की प्रतिमाओं और स्वतंत्रता संग्राम स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा मां कुंजापुरी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्रि और मेले की स्वर्ण जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 50वां कुंजापुरी मेला लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने के साथ व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने मेले के संस्थापक सुरेंद्र सिंह पांगती और आयोजन समिति के योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक विरासत का संवर्धन हो रहा है और राज्य सरकार केदारखंड व मानसखंड के मंदिरों में सुविधाओं का विस्तार कर रही है। पलायन रोकना और युवाओं को स्थानीय रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की बिक्री 6 करोड़ से अधिक हो चुकी है और प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।उन्होंने कहा कि सरकार ने सशक्त भू-कानून, समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी और नकल विरोधी कानून लागू किए हैं तथा 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई है। पारदर्शी भर्ती से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।

टिहरी के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड और पर्यटन मार्ग विकसित किए जा रहे हैं। नरेंद्रनगर में राजकीय पॉलिटेक्निक का उच्चीकरण, केंद्रीय विद्यालय, विधि महाविद्यालय, सभागार निर्माण और लगभग 50 करोड़ की सीवर लाइन परियोजना पर काम हो रहा है।कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मेले की स्वर्ण जयंती पर बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देता है।11 से 19 अक्टूबर तक चलने वाले इस राज्य स्तरीय मेले में छोलिया नृत्य, गाडू घड़ा, महिषासुर मर्दिनी सहित विभिन्न झांकियां प्रस्तुत की गईं। मेले में पद्मश्री बसंती बिष्ट, नरेंद्र सिंह नेगी, मीना राणा सहित कई कलाकार प्रस्तुतियां देंगे, जबकि समापन पद्मश्री प्रीतम भरतवाण के जागर गायन से होगा।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, महापौर शंभू पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version