Site icon Bhagwa Sanatan Times

सरकारी मोबाइल नंबरों के दुरुपयोग पर अधिवक्ता ने उठाई आवाज

हरिद्वार:(भगवा सनातन टाइम्स)हरिद्वार के अधिवक्ता शुभम भारद्वाज ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर एक अहम मुद्दा उठाया है। उन्होंने सरकारी अधिकारियों को आवंटित मोबाइल नंबरों को तत्काल वापस लेने की मांग की है।

अधिवक्ता शुभम भारद्वाज के अनुसार, प्रदेश सरकार ने आम जनता की सुविधा हेतु अधिकारियों को जो मोबाइल नंबर दिए हैं, उनका उद्देश्य था कि जनता सीधे संबंधित अधिकारी से संपर्क कर अपनी समस्याएं साझा कर सके। लेकिन, वर्तमान में यह देखने में आ रहा है कि कई अधिकारी इन नंबरों का दुरुपयोग कर रहे हैं।

उन्होंने पत्र में लिखा कि अधिकारियों ने अपने सरकारी मोबाइल नंबर अपने अधीनस्थों को दे रखे हैं, जो या तो कॉल रिसीव नहीं करते या फिर बात टालमटोल कर समाप्त कर देते हैं। यह स्थिति न केवल शासन की मंशा के विपरीत है, बल्कि जनता की गाढ़ी कमाई से खर्च किए जा रहे सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग भी है।

अधिवक्ता ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस मामले में गोपनीय जांच कराई जाए और जिन अधिकारियों ने मोबाइल नंबरों का गलत इस्तेमाल किया है, उनसे वह नंबर तत्काल प्रभाव से वापस लिए जाएं ताकि प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

Exit mobile version