Site icon Bhagwa Sanatan Times

सनातन नववर्ष स्वागत पर कार्यशाला आयोजित

सनातन नववर्ष स्वागत पर कार्यशाला आयोजित, खगोलीय घटनाओं के प्रभाव पर डॉ. धनाकर ठाकुर ने डाली रोशनी

ऋषिकेश ,मनन ढींगरा

पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, आईडीपीएल वीरभद्र, ऋषिकेश में सनातन नववर्ष के स्वागत के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह आयोजन शैक्षिक उन्नयन के उद्देश्य से किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में प्रतिष्ठित खगोलशास्त्री प्रो. डॉ. धनाकर ठाकुर ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ मां शारदे के चित्र के समक्ष किया गया।

अपने संबोधन में डॉ. ठाकुर ने बताया कि सभ्यताओं के विकास में खगोलीय संक्रांति संरचनाओं की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा, “पृथ्वी पर घटने वाली घटनाओं जैसे भूकंप, सुनामी आदि खगोलीय घटनाओं से प्रभावित होते हैं, और इन्हें हमारे पूर्वज नक्षत्र गणनाओं से पहले ही जान लेते थे। तुलसीदास द्वारा हनुमान चालीसा में सूर्य की दूरी का उल्लेख आधुनिक विज्ञान द्वारा सत्यापित किया जा चुका है।” उन्होंने ज्योतिष विज्ञान की वैज्ञानिक उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. धीरेंद्र रांगड ने विद्यार्थियों को सनातन वैदिक ज्ञान से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा, “शिक्षा के साथ-साथ वैदिक परंपराओं का ज्ञान भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है।”

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव लोचन सिंह ने कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए कहा, “ऐसे आयोजनों को विद्यालय के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए ताकि छात्र अपनी संस्कृति को आत्मसात कर पाश्चात्य प्रभाव से दूर रह सकें।”

इस अवसर पर विद्यालय की संगीत प्रभारी मोनिका रौतेला के निर्देशन में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसमें योगासनों की विशेष प्रस्तुति सराहनीय रही।

कार्यक्रम के संयोजक श्रीकांत सिंह ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विद्यालय की एस.एम.सी. अध्यक्ष अपर्णा सिंह, कराटे चैंपियन शिवानी गुप्ता, पर्यावरण प्रेमी ‘पेड़ बाबा’ डॉ. सी.एम. मिश्रा, डॉ. सुधीर कुमार, अनुसूया प्रसाद बंगवाल, वरिष्ठ प्रवक्ता विजयपाल सिंह, एनएसएस अधिकारी नरेंद्र सिंह रावत, सुरेश बलोदी, दिवाकर नैथानी, सुशील सैनी, मेजर सुशील रावत, बद्री प्रसाद सती, ऋषिराम उनियाल, रेखा पवार, माधुरी रावत, सुनीता पवार, मीडिया प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन अनुसूया प्रसाद बंगवाल और मनोज कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।

Exit mobile version