हरिद्वार:(चीफ एडिटर) दिल्ली पब्लिक स्कूल रानीपुर में 2 मई 2026 को सीबीएसई सीओई देहरादून के तत्वावधान में ‘सोशल इमोशनल लर्निंग एवं रिसोर्स पर्सन व प्रिंसिपल मीट’ का भव्य आयोजन किया गया। क्षमता निर्माण की इस कार्यशाला में हरिद्वार, देहरादून, सहारनपुर, पंजाब सहित विभिन्न क्षेत्रों से 120 से अधिक प्रधानाचार्य, शिक्षक और प्रशिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव, निदेशक प्रशिक्षण इकाई सीबीएसई और विशिष्ट अतिथि मनीष कुमार त्यागी, संयुक्त निदेशक एवं प्रमुख सीओई देहरादून ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर डीपीएस के छात्र-समूह ने सुमधुर सरस्वती वंदना और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आयोजन स्थल निदेशक एवं डीपीएस प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने स्वागत संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के परिप्रेक्ष्य में सीबीएसई द्वारा समय-समय पर क्षमता निर्माण कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य शिक्षकों को सामाजिक एवं भावनात्मक अधिगम के विभिन्न आयामों से परिचित कराकर छात्रों के समग्र विकास हेतु सक्षम बनाना है। शिक्षक ही छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य व भावनात्मक संतुलन को सुदृढ़ कर उनके भावी जीवन का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
मुख्य अतिथि प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि क्षमता निर्माण कार्यशालाएं शिक्षकों के कौशल-विकास, नई शिक्षण पद्धतियों, कक्षा प्रबंधन और आधुनिक मूल्यांकन तकनीक की जानकारी के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन सबसे पहले छात्र को समाज से जोड़कर सहयोगात्मक वातावरण में भागीदार बनाना होगा, तभी उसे भविष्य की आवश्यकतानुसार तैयार किया जा सकेगा। उन्होंने प्रतिभागी प्रधानाचार्यों के प्रश्नों के उत्तर देकर मार्गदर्शन दिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विषय विशेषज्ञों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने सीबीएसई सीओई देहरादून की प्रशिक्षण विवरणिका ‘कॉफी टेबल बुक 2025-26’ का अनावरण भी किया।
कार्यशाला में विषय-विशेषज्ञ के रूप में अनीता रतूड़ी, प्रधानाचार्या फुटहिल्स एकेडमी वीरभद्र ऋषिकेश, मानसी सिंघल, प्रधानाचार्या आर्यभट्ट इंटरनेशनल स्कूल बरनाला पंजाब, संजीव जैन, प्रिंसिपल पाइनवुड स्कूल सहारनपुर और राजेश देवरानी, प्रिंसिपल माउंट लिट्रा जी स्कूल रुड़की ने बहुत ही रोचक ढंग से सोशल इमोशनल लर्निंग के विषय को समझाया।
विशिष्ट अतिथि मनीष कुमार त्यागी ने सत्र 2025-2026 में आयोजित सीबीएसई सीओई की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों से सभी को परिचित कराया। उन्होंने आगामी सत्रों के आयोजन पर विस्तार से चर्चा की और सुझाव दिए। साथ ही प्रतिभागियों के उत्साहवर्धक प्रतिभाग के लिए उनकी सराहना की।कार्यक्रम के अंत में डीपीएस की उपप्रधानाचार्या अनुपमा श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ. नीलम भट्ट एवं रचना यादव ने किया।

