Site icon Bhagwa Sanatan Times

सचिवालय घेराव से पहले सुराज सेवादल के कार्यकर्ता हिरासत में

देहरादून:(जीशान मलिक) उत्तराखंड में विजिलेंस जांचों में देरी और भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई न होने को लेकर सुराज सेवादल ने सचिवालय के बाहर भूख हड़ताल का ऐलान किया था। पुलिस ने प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी की अध्यक्षता में पहले पार्टी कार्यालय में बैठक हुई। इसमें आंदोलन की रणनीति तय की गई। इसके बाद कार्यकर्ता नैनी बकरी से सचिवालय की ओर कूच करते हुए भूख हड़ताल के लिए रवाना हुए।सचिवालय के पास पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी समेत सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।

सुराज सेवादल का आरोप है कि राज्य में कई विजिलेंस जांचें लंबे समय से लंबित पड़ी हैं, जिससे भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई प्रभावित हो रही है। संगठन ने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया और निष्पक्ष व समयबद्ध जांच की मांग की।संगठन ने स्पष्ट किया कि पुलिस कार्रवाई के बावजूद भ्रष्टाचार के खिलाफ उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से लंबित विजिलेंस मामलों में जल्द कार्रवाई की मांग दोहराई।

Exit mobile version