
हरिद्वार:(चीफ एडिटर) संविधान दिवस के अवसर पर एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज, हरिद्वार में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, विधिक सहायता प्रकोष्ठ, एंटी ड्रग सेल एवं मेरा युवा भारत, हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में नशामुक्त भारत तथा विकसित भारत विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज ने की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, गुवाहाटी के अध्यक्ष पद्मश्री प्रो. (डॉ) बी.के.एस. संजय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान की प्रस्तावना के मूल भावों एवं संवैधानिक मूल्यों के स्मरण के साथ हुआ।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि भारत का युवा, देश की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य का आधार है। यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में करें, तो विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से साकार हो सकता है।
उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। प्रत्येक युवा को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेकर अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए। युवा संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका का निर्वहन करें।मुख्य वक्ता पद्मश्री प्रो. (डॉ) बी.के.एस. संजय ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक जीवन और राष्ट्र की उत्पादकता पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। युवा हमारे देश का भविष्य हैं, लेकिन नशे की बढ़ती प्रवृत्ति उनकी क्षमता और संभावनाओं को कमजोर कर रही है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगानी होगी। राष्ट्र निर्माण किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
प्रो. संजय ने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक समरसता का आधार है। युवाओं को अधिकारों के साथ अपने मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने सड़क सुरक्षा विषय पर अपनी कविता ‘खतरा’ का पाठ कर युवाओं को सुरक्षित और संयमित जीवन का संदेश दिया।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि संविधान दिवस हमें भारतीय लोकतंत्र के मूल आदर्शों एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर प्रदान करता है। उच्च शिक्षण संस्थानों का दायित्व केवल ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत, उत्तराखंड के सहायक निदेशक ब्रजेश कौशिक, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. संजय माहेश्वरी तथा राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. विनय थपलियाल ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. पल्लवी तथा डॉ. मीनाक्षी शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों हेमंत अग्रवाल, अंशिका, आदर्श, आरव सहगल, प्रिन्सी राजपूत तथा युवा आइकॉन अथर खान ने नशा मुक्त विकसित भारत विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के ए.पी.एस. धर्म सिंह रावत सहित महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक, कर्मचारी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

