Site icon Bhagwa Sanatan Times

श्री देव सुमन विश्वविद्यालय में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ पुरातन छात्र सम्मेलन, पूर्व छात्रों ने साझा किए अनुभव

देहरादून:(चीफ एडिटर)पं0 ललित मोहन शर्मा परिसर, श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय में आज वर्चुअल माध्यम से पुरातन छात्र सम्मेलन (Alumni Meet) का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश-विदेश में विभिन्न शीर्ष पदों पर कार्यरत पूर्व छात्रों का पुनर्मिलन हुआ। अनुभवों के आदान-प्रदान और प्रेरणादायी संवाद ने विश्वविद्यालय के भविष्य के विकास की दिशा तय करने में नई ऊर्जा का संचार किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो0 एन0के0 जोशी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने पूर्व छात्रों को विश्वविद्यालय का गौरव बताते हुए कहा— “यह सिर्फ एक मिलन समारोह नहीं, बल्कि स्मृतियों का उत्सव और श्री देव सुमन परिवार के पुनर्मिलन का पावन अवसर है। आप सभी हमारी पहचान हैं और उपलब्धियों के असली प्रतिनिधि हैं।”

कुलपति ने गर्वपूर्वक बताया कि विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र उद्यमिता, शिक्षा, विज्ञान, पत्रकारिता और प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। उन्होंने वर्तमान विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप नवाचारपूर्ण पाठ्यक्रम और शोध को आगे बढ़ाने में पूर्व छात्रों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

पुरातन छात्र संघ के सचिव प्रो0 सुरमान आर्य ने संघ की कार्ययोजना साझा की, जबकि उपाध्यक्ष प्रो0 सुनील कुमार बत्रा ने कहा— “पुरातन छात्र किसी भी संस्थान की आधारशिला एवं नींव के पत्थर होते हैं।”

इसके बाद पूर्व छात्र डॉ0 लक्ष्मी नारायण जोशी, एन0के0 गोयल, प्रो0 गुलशन कुमार ढ़ींगरा, अनिरुद्ध़ उनियाल, सत्तेंद्र कुमार, कृष्ण उप्रेती, प्रो0 आदेश कुमार, राजेश अत्रे, डॉ0 राजपाल रावत, मनोज कुमार और डॉ0 चेतन गौड़ ने अपने विचार एवं अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम का संचालन डॉ0 प्रीती खंडूरी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ0 शलिनी रावत, डॉ0 पुष्कर गौड़, डॉ0 जय प्रकाश कंसवाल, डॉ0 रीता खत्री और डॉ0 नीलाक्षी पांडे का विशेष योगदान रहा।

अंत में परिसर निदेशक प्रो0 महाबीर सिंह रावत ने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

यह सम्मेलन एक यादगार आयोजन साबित हुआ, जिसने न केवल पुरानी यादों को ताजा किया बल्कि विश्वविद्यालय और उसके पूर्व छात्रों के बीच भविष्य में मजबूत संबंधों की नई नींव भी रखी।

Exit mobile version