Site icon Bhagwa Sanatan Times

अब बदलेगा पीएचडी और ग्रेजुएशन का सिस्टम! श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय की बड़ी बैठक में हुए अहम फैसले

श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय में BCA (AI & ML) पाठ्यक्रम की पात्रता को मिली स्वीकृति

ऋषिकेश,भगवा सनातन टाइम्स

19 जुलाई 2025 श्रीदेव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय की 16वीं शैक्षिक परिषद की बैठक आज विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति प्रो. एन.के. जोशी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में अनेक महत्त्वपूर्ण शैक्षिक प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया।

बैठक की शुरुआत में परीक्षा समिति की 17 जुलाई 2025 को आयोजित नवीं बैठक के कार्यवृत्त का अनुमोदन किया गया। इसके बाद विश्वविद्यालय के पीएचडी अध्यादेश-2025 और शोध सलाहकार समिति (RAC) की 14 जुलाई को सम्पन्न बैठक को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इसमें सत्र 2025-26 से आरम्भ हो रहे पीएचडी शोधार्थियों के लिए नये दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

 

शैक्षिक परिषद ने कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के नए एनईपी पाठ्यक्रम को मंजूरी दी है, जो सत्र 2025-26 से स्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए लागू होगा। यह पाठ्यक्रम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।

 

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इंटरमीडिएट के बाद गैप ईयर लेने वाले छात्र विशेष शर्तों के तहत स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश ले सकते हैं, बशर्ते वे एक शपथ पत्र दें कि उन्होंने इस दौरान किसी भी अन्य स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश नहीं लिया।

गणतंत्र दिवस परेड व खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के कारण जिन छात्रों की परीक्षा छूटी थी, उनके लिए शीघ्र ही विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, BCA तथा BCA (AI & ML) पाठ्यक्रमों की पात्रता संबंधी प्रस्तावों को भी परिषद ने मंजूरी दी।

बैठक में कुलपति प्रो. जोशी ने Institutional Development Program की जानकारी दी और वर्ष 2025-26 के वार्षिक शैक्षिक कैलेंडर को भी अनुमोदन प्रदान किया गया।

बैठक का संचालन कुलसचिव दिनेश चन्द्रा ने किया। इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक प्रो. सी.एस. नेगी, मुख्य वित्त अधिकारी मनोज पांडे, निदेशक ऋषिकेश परिसर प्रो. महावीर रावत, विभिन्न संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष एवं परिषद सदस्य उपस्थित रहे।

Exit mobile version