हरिद्वार:(चीफ एडिटर) दिल्ली में 18 जुलाई को होने वाली भेल संयुक्त समिति (JCM) की बैठक के मद्देनजर हैवी इलेक्ट्रिकल्स वर्कर्स ट्रेड यूनियन (निफ्टू), भेल हरिद्वार द्वारा सेक्टर-1 स्थित अपने कार्यालय में एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रामयश सिंह ने की।
बैठक में आगामी समिति बैठक के प्रमुख एजेंडे तय किए गए, जिसमें पी.पी. भुगतान, इंसेंटिव में सुधार, ओवरटाइम भुगतान, नई भर्ती में कर्मचारियों के बच्चों को वरीयता, और हॉलीडे होम की सुविधा बहाल करने जैसी कई महत्वपूर्ण मांगों पर चर्चा की गई।
रामयश सिंह ने कहा कि वर्ष 2024-25 में भेल का वित्तीय प्रदर्शन अच्छा रहा है, इसलिए कम से कम ₹20,000 का पीपी भुगतान कर्मचारियों को दिया जाना चाहिए। साथ ही रविवार को ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को ओवरटाइम की दर से भुगतान और इंसेंटिव की त्रुटियों को भी संशोधित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
महामंत्री विकास सिंह ने कोविड काल में मृत कर्मचारियों के परिजनों को रिटायरमेंट तक आर्थिक सहायता, ईएल कैशमेंट की पूर्व व्यवस्था बहाल, कैंटीन सेवा में सुधार और भेल अस्पताल में डॉक्टरों की नियुक्ति जैसे अहम मुद्दे उठाए।
बैठक में यूनियन की कार्यशैली से प्रभावित होकर संदीप सिंघानिया और सुभाष पुरोहित के नेतृत्व में कई नए सदस्यों ने यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। इनमें प्रमुख रूप से अतुल राय, पंकज शर्मा, आशीष घिल्डियाल, रामलाल प्रजापति, कपिल सहगल, तरुण शुक्ल, अनिल पाल, राकेश, सुनील प्रजापति, जे.पो शुक्ला आदि के नाम शामिल हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि यूनियन की सभी मांगों को दिल्ली में प्रस्तावित JCM बैठक में जोर-शोर से उठाया जाएगा, ताकि कर्मचारियों के हितों की रक्षा हो सके और वे पूरे मनोयोग से संस्थान के विकास में योगदान दे सकें।
इस अवसर पर विकास सिंह, अमित गोगना, रवि कश्यप, अर्जुन सिंह, राकेश मालवीय, सुमित गर्ग, बलवीर सिंह रावत, मोहित शर्मा, अरविंद कुमार, अशोक सिंह, सहित सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।

