
देहरादून:(जीशान मलिक) शेयर और आईपीओ में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 55.48 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने अमृतसर, पंजाब से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को IIFL Wealth Management से जुड़ा बताकर शिकायतकर्ता को निवेश के नाम पर लाभ का लालच दिया था।साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 10/2026, धारा 318(4)/61(2) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट की विवेचना के दौरान सामने आया कि शिकायतकर्ता से 16 दिसंबर 2025 से 28 जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में RTGS के माध्यम से कुल 55,48,412 रुपये जमा कराए गए थे।
जांच के दौरान बैंकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में PNB खाता संख्या 2898000105250822 अभियुक्त प्रभजीत सिंह के नाम पर पाया गया। पुलिस के अनुसार साइबर ठगी की रकम में से प्रथम लेयर के संदिग्ध खाते M/S HARI OM TRADERS में स्थानांतरित 25,48,412 रुपये में से 3,18,000 रुपये और 5,76,300 रुपये, यानी कुल 8,94,300 रुपये, प्रभजीत सिंह के खाते में ट्रांसफर किए गए थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने उक्त धनराशि को चेक और एटीएम के माध्यम से आहरित किया। बैंकिंग एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर ठगी में उसकी सक्रिय भूमिका सामने आने के बाद पुलिस टीम ने अमृतसर में दबिश दी और 11 अगस्त 2026 को तारा वाला पुल, जालंधर रोड, अमृतसर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अन्य बैंक खातों से भी साइबर ठगी की रकम निकालने की जानकारी दी है। साथ ही उसने गिरोह में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और ठगी की रकम की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रभजीत सिंह पुत्र स्व. जोगेन्द्र सिंह, निवासी गली नंबर-07, भल्ला कॉलोनी, छेहरटा, अमृतसर, पंजाब, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और एक एसएमएस अलर्ट नंबर बरामद किया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक विजय भारती (विवेचक), उपनिरीक्षक रमन बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक पवन कुमार यादव और कांस्टेबल सोहन बडोनी शामिल रहे।

