
हरिद्वार:(चीफ एडिटर) नगर पालिका परिषद शिवालिकनगर की बोर्ड बैठक में गुरुवार को नगर क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और यातायात से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में जनहित से जुड़े 370 निर्माण कार्यों के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। इनके माध्यम से नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।बैठक में स्थानीय लोगों की मांग एवं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए वार्ड संख्या 12 स्थित नेहरू कॉलोनी का नाम बदलकर ‘गोविंदधाम’किए जाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे बोर्ड ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।इसके अलावा किन्नर समाज के मांगलिक कार्यों से संबंधित शुल्क के अधिकतम निर्धारण, सीमा शुल्क एवं शुल्क निर्धारण तथा बड़े वाणिज्यिक वाहनों पर सीमा शुल्क लगाए जाने से संबंधित प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। स्कूल बसों के पास तथा निर्धारित मार्गों को लेकर आवश्यक व्यवस्था और मार्ग निर्धारण किए जाने का निर्णय लिया गया, जिससे यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित किया जा सके।
नगर क्षेत्र में मदर डेयरी की दुकानें खोले जाने के प्रस्ताव को भी बोर्ड की स्वीकृति मिली। इसके अलावा नगर में आवश्यक सफाई सामग्री एवं विद्युत सामग्री की खरीद सहित अन्य जनहितकारी कार्यों से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की गई।बैठक के दौरान पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। प्रमुख स्थलों और मंदिर परिसरों में विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि त्योहारों के दौरान नगर क्षेत्र स्वच्छ एवं व्यवस्थित नजर आए।अध्यक्ष ने नगर क्षेत्र की खराब पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान नागरिकों को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध होनी चाहिए।
डेंगू एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर भी बैठक में विशेष जोर दिया गया। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में कीटनाशक एवं एंटी-लार्वा दवा के छिड़काव तथा फॉगिंग अभियान नियमित रूप से चलाने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए गए।बैठक में पारित प्रस्तावों का उद्देश्य नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ स्वच्छता, प्रकाश, यातायात और अन्य मूलभूत जनसुविधाओं को बेहतर बनाना है।बैठक में नगर पालिका परिषद शिवालिकनगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा, सभासदगण, अधिशासी अधिकारी तारीख खान,अवर अभियंता,शाहरुख,पर्यावरण पर्यवेक्षक रजत मित्तल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

