देहरादून:(चीफ एडिटर)शिवसेना उत्तराखंड, देहरादून की पहल रंग लाई है। प्रेमनगर क्षेत्र के उमेदपुर चौक स्थित उमेदपुर काली पुलिया पर स्थायी पुलिस चौकी की स्थापना कर दी गई है। इस चौकी का उद्घाटन 14 दिसंबर 2025 को अशोक राठौड़ द्वारा किया गया।
जानकारी के अनुसार, शिवसेना उत्तराखंड देहरादून के जिला अध्यक्ष रवि गैरोला ने 26 नवंबर 2025 को एसपी अजय कुमार को ज्ञापन सौंपकर उमेदपुर काली पुलिया क्षेत्र में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की थी। ज्ञापन में बताया गया था कि यह क्षेत्र मुख्य सड़क पर स्थित होने के बावजूद अब तक पुलिस चौकी से वंचित था, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती थीं और क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर आवश्यकता बनी हुई थी।
प्रशासन ने इस जनहित की मांग को गंभीरता से लेते हुए उमेदपुर काली पुलिया में स्थायी पुलिस चौकी की स्थापना की। इस चौकी के बनने से क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर निगरानी और ग्रामवासियों को सुरक्षा का भरोसा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रवि गैरोला ने कहा कि यह चौकी केवल एक भवन नहीं, बल्कि गाँव की सुरक्षा, शांति और उज्ज्वल भविष्य की नींव है। उन्होंने प्रशासन, शिवसेना उत्तराखंड देहरादून की पूरी टीम और समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में लोकेंद्र पांडे, दीपक पनौली, आकाश गैरोला, आचार्य अमन कुमार, सुमन गैरोला, आजाद गैरोला, अरुण गैरोला, रितु सकलानी, अंकित राणा, मनीष पनौली, संगीता थापा सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

