Site icon Bhagwa Sanatan Times

शिक्षक पर छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, परीक्षा में पास कराने का दिया था झांसा; आरोपी फरार

मध्य प्रदेश:(चीफ एडिटर)कटंगी थाना क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर कक्षा 10 की छात्रा को परीक्षा में पास कराने का लालच देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, जबकि आरोपी शिक्षक घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। घटना से गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शिक्षक ने छात्रा को बोर्ड परीक्षा में पास कराने का भरोसा दिलाया और बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद आरोपी ने 12 फरवरी को व्हाट्सएप के माध्यम से अवकाश का आवेदन भेजा और तभी से गायब है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने आरोपी शिक्षक को जिला मुख्यालय कार्यालय से संबद्ध करने के आदेश जारी किए हैं, लेकिन वह अभी तक वहां उपस्थित नहीं हुआ है। वहीं, स्कूल के प्रभारी प्राचार्य ने उसे कार्यमुक्त कर दिया है।

पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75(1), 332(सी), 351(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 21 और 12 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।

जांच में यह भी सामने आया है कि शिक्षक स्कूल में पढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्र में एक क्लिनिक भी संचालित करता था, जो फिलहाल बंद मिला है।

घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने लोगों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

Exit mobile version