हरिद्वार:(जीशान मलिक)मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित शौचालयों का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई, स्वच्छता, पेयजल उपलब्धता, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विकास भवन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आमजन विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में परिसर की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की गंदगी, दुर्गंध अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।
उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा स्वच्छता एवं साफ-सफाई के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। शौचालयों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और निर्धारित समय पर सफाई कार्य कराया जाए, ताकि आमजन एवं कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।डॉ. ललित नारायण मिश्र ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि निरीक्षण के दौरान कहीं भी साफ-सफाई व्यवस्था में कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास भवन परिसर में स्वच्छ, स्वस्थ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण, प्रभावी निगरानी तथा साफ-सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वच्छता व्यवस्था से आमजन को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा और सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली भी अधिक प्रभावी बनेगी।

