Site icon Bhagwa Sanatan Times

जिलाधिकारी ने किया विकास भवन का औचक निरीक्षण, बिना अनुमति अनुपस्थित कार्मिकों पर कार्रवाई के निर्देश

पिथौरागढ़:(जीशान मलिक) जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने शुक्रवार को विकास भवन का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली एवं कार्यालयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्मिकों की उपस्थिति, कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान कतिपय विभागों में बिना स्वीकृति के अनुपस्थित कार्मिकों के विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्मिक निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। बिना किसी ठोस कारण एवं सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में अनावश्यक एवं अनुपयोगी सामग्री एकत्रित न होने दें, साफ-सफाई बनाए रखें, सभी कार्मिक पहचान पत्र धारण करें, सीट पर नाम पट्टिका लगी हो और सभी कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर क्रियाशील रखे जाएं।

औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने समाज कल्याण, सहकारिता, ग्रामीण निर्माण, अर्थ एवं संख्या सहित विकास भवन स्थित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान परियोजना निदेशक डीआरडीए आशीष पुनेठा सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version