Site icon Bhagwa Sanatan Times

लाल किले पर पीएम मोदी ने फहराया तिरंगा, 21 तोपों की सलामी से गूंजा आसमान

नई दिल्ली:(जीशान मलिक) देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा फहराए जाने के साथ ही देश की सैन्य परंपरा और गौरव का प्रतीक 21 तोपों की सलामी दी गई। इस दौरान लाल किले का परिसर देशभक्ति के जज्बे से सराबोर नजर आया।

राष्ट्रीय ध्वज फहराने की प्रक्रिया को 1721 फील्ड बैटरी (सेरेमोनियल) के गनर्स द्वारा दी गई 21-तोपों की सलामी के साथ तालमेल बिठाकर संपन्न किया गया। इस विशेष अवसर पर स्वदेशी 105 एमएम लाइट फील्ड गन का इस्तेमाल किया गया, जो देश की स्वदेशी रक्षा क्षमता और सैन्य आत्मनिर्भरता को भी प्रदर्शित करती है।सेरेमोनियल बैटरी की कमान मेजर पवन सिंह शेखावत ने संभाली, जबकि गन पोजीशन ऑफिसर नायब सूबेदार (गनरी में असिस्टेंट इंस्ट्रक्टर) अनुतोष सरकार रहे। निर्धारित समय और अनुशासन के साथ तोपों की सलामी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की भव्यता को और बढ़ा दिया।

लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराने के इस गौरवपूर्ण क्षण के दौरान पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया। 21 तोपों की गूंज ने देश की संप्रभुता, वीरता और स्वतंत्रता के गौरव को एक बार फिर रेखांकित किया। समारोह में देश की सैन्य शक्ति, अनुशासन और स्वदेशी रक्षा उपकरणों की क्षमता की झलक भी देखने को मिली।

Exit mobile version