Site icon Bhagwa Sanatan Times

मदरसा रहमानिया में हर्षोल्लास से मनाया गया यौमे आजादी का जश्न

रूड़की:(जीशान मलिक) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मदरसा रहमानिया रुड़की में यौमे आजादी का जश्न हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान मदरसा परिसर में पूरे सम्मान और गरिमा के साथ तिरंगा फहराया गया। राष्ट्रगान के बाद देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद कर उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह तथा उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा पहुंचे। दोनों अतिथियों ने तिरंगा फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। डॉ. सुरजीत सिंह ने कहा कि देश की आजादी प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों का दायित्व है कि देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने में अपना योगदान दें।

कार्यक्रम का आयोजन मदरसा रहमानिया के प्रशासक हाजी मुहम्मद मुस्तकीम के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान मदरसे के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत कर आजादी के महत्व को रेखांकित किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर देशहित में कार्य करने का संदेश दिया।कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने शिक्षा, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने मदरसा परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए पौधे लगाए। साथ ही परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान देने की अपील की।

मदरसा रहमानिया के प्रिंसिपल मौलाना अज़हारुल हक ने भी यौमे आजादी की मुबारकबाद देते हुए देशहित में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने जंगे आजादी में शहीद हुए वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।मदरसा प्रशासक हाजी मुस्तकीम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का दिन भी है। उन्होंने सभी से आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ देश की तरक्की में योगदान देने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में देश की खुशहाली, अमन-चैन और तरक्की के लिए विशेष दुआ की गई। इस दौरान पूरा मदरसा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और उपस्थित लोगों ने तिरंगे को सलामी देकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

इस अवसर पर मौलाना अरशद कासमी, मुफ्ती मोहम्मद सलीम, मुफ्ती अंसार, मौलाना शदाकत, मौलाना यूसुफ, कारी अहतशाम, कारी शाबान, कारी महमूद, कारी कलीमुद्दीन, मास्टर शहजाद, मास्टर इसरार, कमरुज्जमा, अब्दुल रब, अफजल मंगलौरी, अनस गाजी सहित मदरसे का समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Exit mobile version