
देहरादून:(जीशान मलिक) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 137वें संस्करण को रविवार को कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ सुना। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देशवासियों को नवाचार, नशामुक्त भारत, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, अंतरिक्ष विज्ञान, राष्ट्रभक्ति और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संबोधित किया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नशामुक्त बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि परिवार, समाज और युवाओं की सामूहिक भागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर देश निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाने का संदेश दिया।
इस आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों में 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और करीब 35 लाख महिलाएं इस योजना से जुड़कर अपना कारोबार आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने इसे महिला आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।प्रधानमंत्री ने विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में छात्राओं की भागीदारी को भी रेखांकित किया। उन्होंने ‘Mission ShaktiSAT’ के माध्यम से 108 देशों की करीब 12 हजार छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक सीखने का अवसर मिलने की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि भारत की बेटियां विज्ञान और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रही हैं और आने वाला समय उनकी नई उपलब्धियों का गवाह बनेगा।
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने आगामी विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर देश के शिल्पकारों, कारीगरों और पारंपरिक हुनर से जुड़े लोगों को प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को बढ़ावा देना उनके हुनर को सम्मान देने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी मजबूत करता है।प्रधानमंत्री ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर देशवासियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से त्योहारों के दौरान स्थानीय दुकानदारों, कारीगरों और छोटे कारोबारियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की, ताकि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके और देश के हुनरमंद लोगों को आगे बढ़ने का अवसर मिले।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, राष्ट्रभक्ति और देश के विकास में आम नागरिकों की भूमिका पर भी जोर दिया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की प्रगति केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के छोटे-छोटे प्रयासों से संभव होती है। ‘मन की बात’ के माध्यम से उन्होंने देशवासियों को सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रहित में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।कार्यक्रम सुनने के बाद उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने और नशामुक्ति, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

