Site icon Bhagwa Sanatan Times

बिना आरटीओ पंजीकरण के नाम पर बेची जा रही ई-स्कूटियों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 2 गाड़ियां जब्त

हरिद्वार:(जीशान मलिक) जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने बिना आरटीओ पंजीकरण के नाम पर बेची जा रही इलेक्ट्रिक स्कूटियों की जांच अभियान चलाया।एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा और एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में 2 इलेक्ट्रिक स्कूटियों को तकनीकी परीक्षण के लिए जब्त किया गया है। विभाग के अनुसार इन गाड़ियों में पंजीकरण से छूट वाली श्रेणी के मानकों से अधिक गति और पावर के प्रथम दृष्टया संकेत मिले हैं।

विभाग ने संबंधित विक्रेताओं से स्पष्टीकरण मांगा है। जब्त गाड़ियों की अधिकतम गति, मोटर पावर और टेस्ट सर्टिफिकेट की जांच की जाएगी।परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल इलेक्ट्रिक होने से या विक्रेता के नॉन आरटीओ बताने से छूट नहीं मिलती। छूट अधिकृत संस्था के प्रमाणन और तय शर्तों पर ही मिलती है।विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि विज्ञापन या मौखिक बातों पर ई-स्कूटी न खरीदें, बल्कि खरीद से पहले उसका प्रमाणपत्र, गति और पंजीकरण से छूट का आधार जरूर देख लें। नियमों का उल्लंघन मिलने पर मोटर यान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version