Site icon Bhagwa Sanatan Times

बाजूहेड़ी के पास कांवड़ पटरी पर मिला व्यक्ति का शव, इलाके में सनसनी

पिरान कलियर:(जीशान मलिक)पिरान कलियर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सनसनी फैल गई। ग्राम बाजूहेड़ी के पास कांवड़ पटरी पर सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।रविवार सुबह राहगीरों ने कांवड़ पटरी के किनारे एक व्यक्ति को घायल अवस्था में पड़ा देखा। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और शव को रुड़की सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस के अनुसार मृतक के हाथ पर ‘नसीम’ नाम का टैटू बना हुआ है। उसने गले में काला गमछा पहन रखा था। साथ ही नेवी ब्लू रंग की नेकर और आसमानी-सफेद रंग की चेकदार लुंगी पहनी हुई थी।

कलियर कोतवाली प्रभारी एवं सीओ ने बताया कि मृतक प्रथम दृष्टया घुमंतू प्रवृत्ति का प्रतीत हो रहा है। उसकी पहचान कराने के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें।पुलिस का मानना है कि रात के समय किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हुई होगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असल कारणों का पता चल सकेगा।

Exit mobile version