Site icon Bhagwa Sanatan Times

कलियर उर्स को लेकर पुलिस का कड़ा पहरा, दरगाह से 1 KM तक जीरो जोन, 23 अगस्त से बदलेगा ट्रैफिक

पिरान कलियर:(जीशान मलिक) दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स को लेकर पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त प्लान तैयार कर लिया है। उर्स के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए कलियर में इस बार वाहनों की आवाजाही पर कड़ा पहरा रहेगा। दरगाह परिसर के चारों ओर करीब एक किलोमीटर के क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया है। इस इलाके में वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी।

यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए 24 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे और जायरीनों के वाहनों के लिए 13 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि निर्धारित व्यवस्था के अलावा किसी अन्य स्थान पर वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।पुलिस के अनुसार 23 अगस्त से 28 अगस्त तक आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।अलग-अलग दिशाओं से कलियर पहुंचने वाले जायरीनों के वाहनों को रास्ते में ही निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोककर वहां से आगे की व्यवस्था के अनुसार आवागमन कराया जाएगा।

उर्स के दौरान यदि निर्धारित पार्किंग स्थल वाहनों से भर जाते हैं तो मेहवड़ पुल के पास खाली मैदान और धनौरी लॉ कॉलेज मैदान को वैकल्पिक पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। पुलिस ने वाहनों को सड़कों और मुख्य मार्गों पर खड़ा करने से रोकने के लिए पूरी व्यवस्था तैयार की है।रुड़की नहर पटरी से कलियर की ओर आने वाले ऐसे चार पहिया और दोपहिया वाहन, जिन्हें हरिद्वार जाना होगा, उन्हें नगर पालिका पुल और सोनाली पार्क के उत्तरी किनारे से हरिद्वार हाईवे की ओर भेजा जाएगा।पुरानी नहर पटरी से आने वाले वाहनों को मेहवड़ पुल से मेहवड़ कला यू-टर्न कर कांवड़ पटरी के रास्ते सोलानी पुल से हाईवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

भगवानपुर-इमलीखेड़ा की तरफ से हरिद्वार जाने वाले चार पहिया वाहनों को धनौरी होते हुए बहादराबाद भेजा जाएगा। वहीं हरिद्वार से भगवानपुर और सहारनपुर की ओर जाने वाले वाहनों को धनौरी तिरछा पुल से इमलीखेड़ा की तरफ निकाला जाएगा।हरिद्वार से नहर पटरी होते हुए रुड़की जाने वाले वाहनों को बहादराबाद से हाईवे की ओर भेजा जाएगा। रुड़की और नगला इमरती बाईपास की ओर से हरिद्वार जाने वाले वाहनों को कोर इंजीनियरिंग कॉलेज तिराहा से हरिद्वार हाईवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

“अलग-अलग रास्तों से आने वालों के लिए अलग पार्किंग”

कोर इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से कलियर आने वाले जायरीनों के वाहनों को रहमतपुर रोड के पास अस्थायी पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। धनौरी कांवड़ नहर पटरी से आने वाले वाहनों के लिए इमाम साहब के नीचे अजमेरी गेट पार्किंग तय की गई है।धनौरी रोड और पुरानी नहर पटरी से आने वाले वाहनों को धनौरी इंटर कॉलेज मैदान और आसपास के खाली प्लाटों में पार्क कराया जाएगा। धनौरी पुरानी नहर पटरी और बावन दर्रा मध्य पटरी से आने वाले वाहनों के लिए नूरबीबी पार्किंग निर्धारित है।बेड़पुर की ओर से आने वाले वाहनों को बेड़पुर गांव में विधायक पेट्रोल पंप से पहले खाली मैदान में खड़ा कराया जाएगा। इमलीखेड़ा-मेहवड़ रोड से आने वाले वाहनों के लिए चार मिनार होटल के नीचे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।रुड़की की ओर से पुरानी नहर पटरी के रास्ते आने वाले वाहनों को हज हाउस के सामने पक्की पार्किंग और पीएनबी के पास बनाई गई पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।

रिक्शा और तांगा के लिए साबरी नर्सिंग तांगा स्टैंड निर्धारित किया गया है। विक्रम, टेंपो और मैटाडोर को मेहवड़ पुल से बाजूहेड़ी चौराहे के रास्ते दोनों नहरों के मध्य पटरी पर डायवर्ट कर पीर गैब साहब के नीचे पार्क कराया जाएगा।कांवड़ नहर पटरी से आने वाले छोटे-बड़े वाहनों के लिए होटल कैनाल व्यू के पास राणा ब्रिक फील्ड में पार्किंग रहेगी। रहमतपुर और आसपास के स्थानीय दोपहिया वाहनों के लिए कलियर चौक से सदन चौक के बीच अलग दोपहिया पार्किंग बनाई गई है।पुलिस प्रशासन ने जायरीनों और वाहन चालकों से अपील की है कि उर्स के दौरान निर्धारित पार्किंग और डायवर्जन व्यवस्था का ही पालन करें। मुख्य मार्गों पर वाहन खड़ा करने या प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने से बचें। पुलिस के मुताबिक व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों के कारण यातायात बाधित होने पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version