
रुड़की: कोतवाली रुड़की पुलिस ने फर्जी मार्कशीट व अंकतालिका बनाने के आरोप में शिव बाबा इंटर कॉलेज माजरी कलियर के प्रधानाचार्य व मालिक रविंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोप है कि प्रधानाचार्य ने कॉलेज के रिकॉर्ड में छेड़छाड़ कर दूसरे छात्रों की मार्कशीट पर फ्लूड लगाकर फर्जी मार्कशीट तैयार की।
“क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, दिनांक 23.09.2025 को वादी कालूराम यादव, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी स्थापना खंड सिंचाई विभाग रुड़की ने कोतवाली रुड़की में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि संदीप कुमार और सपना देवी ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर मृतक प्रकाश चंद की नौकरी व पेंशन प्राप्त कर धोखाधड़ी की है। इस पर मुकदमा अपराध संख्या 351/25 धारा 336, 338, 340, 318(4) BNS के तहत दर्ज किया गया। विवेचना उपनिरीक्षक भजराम चौहान को सौंपी गई।जांच में सामने आया कि संदीप कुमार और सपना देवी ने वर्ष 2013-14 में शिव बाबा इंटर कॉलेज माजरी कलियर से कक्षा 10 की परीक्षा दी थी।जिसमें दोनों फेल हुए थे। इसके बाद 14.04.2014 को संदीप कुमार और 17.04.2014 को सपना देवी ने चौधरी रणजीत सिंह मेमोरियल हाई स्कूल सुनहरा रुड़की में प्रवेश लिया। वहां से वर्ष 2015 में संदीप कुमार ने 10वीं पास की, जबकि सपना देवी फेल हो गई।पुलिस के अनुसार, संदीप कुमार की वर्ष 2012-13 की कक्षा 9 की अंकतालिका शिव बाबा इंटर कॉलेज से जारी दिखाई गई, जिस पर द्वितीय प्रती अंकित था। जांच में यह अंकतालिका संदिग्ध पाई गई।
पुलिस का कहना है कि कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य स्वर्गीय प्रदीप की मृत्यु 04.05.2012 को हो गई थी, जबकि संदीप कुमार और सपना देवी ने 12.04.2012 व 02.04.2012 को कक्षा 9 में सदल सिंह इंटर कॉलेज हबीबपुर नवादा में प्रवेश लिया था और वर्ष 2012-13 में कक्षा 9 की परीक्षा वहीं से उत्तीर्ण की थी।इससे यह स्पष्ट हुआ कि उक्त अंकतालिका पूर्व प्रधानाचार्य द्वारा जारी नहीं की गई।
“पूछताछ में क्या बोले प्रधानाचार्य?
पुलिस ने प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पुलिस के अनुसार, रविंद्र कुमार ने बताया कि पूर्व प्रधानाचार्य प्रदीप की मृत्यु के बाद से ही वह प्रधानाचार्य हैं।और उनके बीमार होने पर भी कॉलेज का कार्यभार देखते थे, क्योंकि वह ही स्कूल के मालिक हैं।पुलिस का आरोप है कि रविंद्र कुमार ने अपने कॉलेज के रिकॉर्ड में छेड़छाड़ कर, अन्य छात्रों की मार्कशीट पर फ्लूड लगाकर संदीप कुमार व सपना देवी के साथ मिलकर फर्जी टीसी व अंकतालिका जारी की और वर्ष 2013-14 में अपने ही स्कूल से कक्षा 10 की परीक्षा दिलाई।साथ ही आरोप है कि वर्ष 2009 की मार्कशीट भी कूटरचना कर तैयार की गई।पुलिस ने रविंद्र कुमार को कारण गिरफ्तारी बताकर कोतवाली रुड़की से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है।
“गिरफ्तार अभियुक्त…
रविंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार निवासी ग्राम माजरी, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार
“पुलिस टीम…
उपनिरीक्षक भजराम चौहान, कांस्टेबल गुलबहार।

