Site icon Bhagwa Sanatan Times

जमीन बेचने के नाम पर 12 लाख की धोखाधड़ी, 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

रुड़की:(जीशान मलिक) जमीन बेचने के नाम पर 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने और फर्जी एवं जाली बैनामा तैयार करने के आरोप में रुड़की पुलिस ने 65 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को शनिवार शाम जेल के सामने से गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक, ग्राम जसवावाला निवासी देशराज पुत्र फूल सिंह ने 3 जुलाई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि ग्राम सैदपुरा निवासी अनुज कुमार पुत्र कल्याण सिंह और उसके पिता कल्याण सिंह ने जमीन बेचने के नाम पर उससे 12 लाख रुपये लिए। इसके बाद उसके पक्ष में फर्जी एवं जाली बैनामा तैयार कर दिया गया। शिकायत के आधार पर कोतवाली रुड़की में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह को सौंपी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कराई। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए कार्रवाई की।पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी अनुज कुमार को 17 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, दूसरे आरोपी कल्याण सिंह (65) पुत्र सावल दास निवासी ग्राम सैदपुरा, कोतवाली मंगलौर, तहसील रुड़की को 5 सितंबर 2026 को शाम करीब 5:40 बजे जेल के सामने से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, कांस्टेबल 42 लईक अहमद और होमगार्ड कपिल कुमार शामिल रहे।

Exit mobile version