Site icon Bhagwa Sanatan Times

पीरपुरा में माहौल बिगाड़ने की कथित साजिश का आरोप, प्रधान पक्ष ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

मंगलौर:(जीशान मलिक) पीरपुरा गांव में सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान इंतजार के पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों द्वारा गांव में भय और तनाव का माहौल पैदा करने के उद्देश्य से कथित तौर पर तांत्रिक क्रियाओं जैसी गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है। प्रधान पक्ष ने आशंका जताई है कि माहौल खराब करने की कोशिश आगे भी की जा सकती है और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर आपत्तिजनक वस्तुएं रखे जाने से गांव में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो सकता है।

प्रधान इंतजार ने पुलिस एवं प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव में सतर्कता बढ़ाने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए कथित रूप से बच्चों का इस्तेमाल कर इस तरह की गतिविधियां कराई जा रही हैं।प्रधान पक्ष ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि मामले की गहन जांच कर वास्तविक आरोपियों का पता लगाया जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो मुख्य आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि पीरपुरा गांव में लंबे समय से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का माहौल रहा है। किसी भी व्यक्ति को इसे खराब करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच किए जाने की बात कही है। साथ ही ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है। प्रशासन से भी गांव में सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी संभावित कोशिश पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की गई है।

Exit mobile version