Site icon Bhagwa Sanatan Times

नेटवर्क व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने दिए कड़े निर्देश

पिथौरागढ़:(जीशान मलिक) जिलाधिकारी आशीष भटगांई नेबुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला टेलीकॉम समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों को नेटवर्क व्यवस्था में सुधार के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर और गुणवत्तापरक संचार सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी कंपनियों की जिम्मेदारी है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस बैठक में डीएम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति की समीक्षा करते हुए नेटवर्क संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने को कहा। उन्होंने कहा कि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ भौगोलिक और सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को देखते हुए बेहतर संचार व्यवस्था का होना बेहद आवश्यक है। विशेषकर आपदा जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में नेटवर्क कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। नेटवर्क बाधित होने से राहत एवं बचाव कार्य सहित अन्य आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

जिलाधिकारी ने बीएसएनएल, जियो, एयरटेल, वीआई सहित सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय से नेटवर्क व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों में भी लोगों को बेहतर नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराई जाए। नेटवर्क की नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता परीक्षण करते हुए सामने आने वाली समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में बीएसएनएल के माध्यम से जनपद में स्थापित किए जा रहे मोबाइल टावरों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बीएसएनएल के उपखंड अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 95 टावर स्थापित किए जाने का कार्य प्रस्तावित है, जिनमें से अब तक 64 टावर स्थापित कर संचालित किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने शेष टावरों की स्थापना एवं उनमें संचार सेवाएं शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि नेटवर्क विहीन और कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में भी बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version