Site icon Bhagwa Sanatan Times

देहरादून में 1.59 लाख घरेलू गैस उपभोक्ताओं ने नहीं कराई ई-केवाईसी, 23 अगस्त तक बढ़ी अंतिम तिथि

देहरादून:(जीशान मलिक) जनपद देहरादून में घरेलू एलपीजी गैस कनेक्शनों की ई-केवाईसी प्रक्रिया तेजी से चल रही है। भारत सरकार ने उपभोक्ताओं को राहत देते हुए ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि अब 23 अगस्त 2026 निर्धारित की है।जनपद में कुल 7,16,845 घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें से अब तक 5,57,546 उपभोक्ता ई-केवाईसी करा चुके हैं, जबकि 1,59,299 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी लंबित है। लंबित उपभोक्ताओं में 9,243 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं।

उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए ई-केवाईसी के लिए तीन सरल माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। उपभोक्ता संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी करने वाले डिलीवरी कर्मी के पास उपलब्ध मोबाइल एप और बायोमेट्रिक उपकरण के माध्यम से भी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। वहीं, संबंधित तेल विपणन कंपनी इंडेन, भारत गैस अथवा एचपी गैस के अधिकृत मोबाइल एप के माध्यम से उपभोक्ता स्वयं भी ई-केवाईसी कर सकते हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने सभी गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी पूरी करा लें, ताकि घरेलू एलपीजी सेवाओं का निर्बाध लाभ मिलता रहे।उन्होंने बताया कि 23 अगस्त 2026 तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की घरेलू गैस आपूर्ति बाधित हो सकती है तथा उन्हें व्यावसायिक दरों पर गैस उपलब्ध होगी। ऐसे में उपभोक्ताओं से समय रहते ई-केवाईसी कराने की अपील की गई है।

Exit mobile version