Site icon Bhagwa Sanatan Times

देहरादून-मसूरी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक, पानीवाला बैंड पर क्षतिग्रस्त हुई दीवार

देहरादून:(जीशान मलिक) लगातार हो रही बारिश के चलते देहरादून-मसूरी मार्ग स्थित पानीवाला बैंड पर सड़क किनारे पूर्व में निर्मित दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। मार्ग की स्थिति को देखते हुए आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने देहरादून-मसूरी मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर अग्रिम आदेशों तक प्रतिबंध लगा दिया है।

उप जिला मजिस्ट्रेट, मसूरी की ओर से जारी आदेश के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई है। प्रशासन का कहना है कि अत्यधिक वर्षा के कारण मार्ग पर क्षतिग्रस्त हुई दीवार से किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को देखते हुए एहतियाती कदम उठाया गया है।

संबंधित विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत एवं आवश्यक सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं, ताकि मार्ग पर आवागमन को सुरक्षित बनाया जा सके। प्रशासन और पुलिस की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आमजन से मानसून के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि अत्यधिक बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और घर से निकलने से पहले मौसम एवं मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य लें।भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और क्षतिग्रस्त सड़कों पर विशेष सावधानी बरतने के साथ ही प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। प्राधिकरण ने लोगों से किसी भी प्रकार का जोखिम लेकर यात्रा न करने तथा अपनी और परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा है।

Exit mobile version