Site icon Bhagwa Sanatan Times

देहरादून: जनजातीय गौरव दिवस पर पीएम मोदी ने दी 3000 करोड़ की सौगात, देहरादून प्रशासन भी वर्चुअल जुड़ा

देहरादून:(जीशान मलिक) धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशभर में लगभग 3000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिससे देहरादून का प्रशासनिक अमला भी वर्चुअल माध्यम से जुड़ा।इस आयोजित कार्यक्रम में जनपद देहरादून से राज्य जनजाति सलाहकार परिषद उत्तराखंड के उपाध्यक्ष गीता राम गौड़, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, पूनम चमोली, संदीप नेगी, सुनील नेगी, नरेश धारखोली सहित अन्य कर्मचारी सम्मिलित हुए। इसके अतिरिक्त जनजाति विभाग द्वारा संचालित समस्त संस्थान भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर जनजातीय समाज के उत्थान के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाली कई ऐतिहासिक सौगातें दी गईं। इनमें जनजातीय विद्यार्थियों के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS), पीएम-जनमन अभियान के तहत बहुउद्देशीय केंद्र तथा जनजातीय विरासत के संरक्षण से जुड़ी परियोजनाएं प्रमुख हैं।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और जिले में निवासरत जनजातीय समुदायों तक केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Exit mobile version