Site icon Bhagwa Sanatan Times

‘मेरी शुरुआत खुद से’ संदेश लेकर गुजरात रवाना हुआ उत्तराखंड पुलिस का बाइक दल, नशा-मुक्ति की दिलाई शपथ

देहरादून:(जीशान मलिक) राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर ‘Fight Against Drugs’ थीम पर आयोजित राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली-2026 में प्रतिभाग करने के लिए उत्तराखंड पुलिस का 12 सदस्यीय दल गुजरात के लिए रवाना हुआ। इस राष्ट्रीय अभियान की नोडल एजेंसी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) है।देहरादून पुलिस लाइन में आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन ने करीब 1,000 लोगों को नशा न करने और समाज को नशा-मुक्त बनाने की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर बाइक दल को रवाना किया।

पुलिस महानिदेशक ने दल के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यात्रा न केवल राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का प्रतीक है, बल्कि देश भर में मादक पदार्थों के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने का एक सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने जवानों को यात्रा के दौरान अनुशासन और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।उत्तराखंड पुलिस का दल देहरादून से हरिद्वार होते हुए नई दिल्ली पहुंचेगा, जहां 21 अक्टूबर को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक से उत्तरी जोन के दलों को संयुक्त रूप से रवाना किया जाएगा। विभिन्न राज्यों से होते हुए दल 31 अक्टूबर को एकता नगर, गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह एवं परेड में प्रतिभाग करेगा। रैली के दौरान जवान विभिन्न पड़ावों पर स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं और युवाओं से संवाद कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के करीब 300 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अधिकारियों सहित लगभग 1,000 लोगों ने प्रतिभाग किया। गोष्ठी में विशेषज्ञ डॉ. शिल्पी अरोड़ा ने नशे से होने वाले मानसिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों पर जानकारी दी। छात्र-छात्राओं के साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर स्थापित ‘नशा मुक्त उत्तराखंड-मेरी शुरुआत खुद से’ सेल्फी पॉइंट युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।इस अवसर पर आईजी दूरसंचार/अग्निशमन विम्मी सचदेवा, आईजी/निदेशक यातायात कृष्ण कुमार वीके, आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था/साइबर नीलेश आनंद भरणे, आईजी कार्मिक सुनील कुमार मीणा, डीआईजी धीरेंद्र गुंज्याल, एसएसपी देहरादून सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version