
ऋषिकेश:(चीफ एडिटर)”अतिथि देवो भवः” के मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए दून पुलिस एक बार फिर चारधाम यात्री की मददगार बनी। त्रिवेणी घाट पर एक बुजुर्ग यात्री का कीमती सामान से भरा बैग खो गया था, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में ढूंढकर सकुशल लौटा दिया।
दिनांक 17 मई को 74 वर्षीय दिनेश बेलजी पवानी पुत्र स्वर्गीय वेलजी अर्जन पवानी, निवासी भुज कच्छ, गुजरात, जो वर्तमान में मस्कट, ओमान में रहते हैं, चारधाम यात्रा पर ऋषिकेश पहुंचे थे। त्रिवेणी घाट क्षेत्र में उनका बैग कहीं खो गया। बैग में कीमती ज्वेलरी, नकद राशि और जरूरी दस्तावेज थे।
सूचना मिलते ही कोतवाली ऋषिकेश पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लिया। त्रिवेणी घाट क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई का नतीजा रहा कि कुछ ही देर में बुजुर्ग का बैग त्रिवेणी घाट से बरामद कर लिया गया।
बैग चेक करने पर सारा कीमती सामान ज्यों का त्यों मिला। खोया सामान वापस पाकर बुजुर्ग यात्री भावुक हो गए। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस की कार्यशैली की तारीफ की और दून पुलिस का आभार जताया।

