हरिद्वार:(जीशान मलिक) आगामी त्योहारों धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज, छठ पूजा और ईगास-बग्वाल को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कानून व्यवस्था के सख्त निर्देश दिए हैं।डीएम ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस और प्रशासन समन्वय से काम करें। सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सूचनाएं फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। अफवाहों का तत्काल खंडन किया जाएगा।
पटाखों की दुकानें भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से हटकर खुले मैदान में लगेंगी, जहां 24 घंटे अग्निशमन व्यवस्था रहेगी। अवैध और मिलावटी पटाखों पर रोक लगेगी।धनतेरस पर महिलाओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और छेड़छाड़, चैन स्नैचिंग जैसी घटनाओं की रोकथाम के निर्देश दिए गए। छठ पर घाटों की सफाई, प्रकाश और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम किए जाएंगे।कनखल, रुड़की, ज्वालापुर और बहादराबाद समेत संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, बाजारों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा की समीक्षा होगी।


