Site icon Bhagwa Sanatan Times

तीन किलोमीटर सड़क या गड्ढों का जाल? बरसात में दौलतपुर-कृषि विज्ञान केंद्र मार्ग बना मुसीबत

धनौरी:दौलतपुर गांव से कृषि विज्ञान केंद्र को जोड़ने वाला करीब तीन किलोमीटर लंबा मार्ग बरसात में ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, कीचड़ और जलभराव होने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को झेलनी पड़ रही है।

बारिश होते ही मार्ग की हालत और बिगड़ जाती है। फिसलन के चलते पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के अनुसार कई बार स्कूली बच्चे फिसलकर गिर चुके हैं। इससे जहां उनकी ड्रेस खराब होती है, वहीं चोट लगने का खतरा भी बना रहता है। खेतों से चारा लेकर आने-जाने वाली बैलगाड़ी और भैंसागाड़ी भी गड्ढों में फंस जाती हैं। ग्रामीणों का दावा है कि इस दौरान पशुओं के चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की बदहाली को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब सड़कों को गड्ढामुक्त करने के दावे किए जा रहे हैं तो दौलतपुर से कृषि विज्ञान केंद्र तक के मार्ग की सुध आखिर कब ली जाएगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मार्ग का निरीक्षण कराकर गड्ढों की मरम्मत और सड़क के स्थायी पुनर्निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात में यह मार्ग किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

Exit mobile version