Site icon Bhagwa Sanatan Times

डीपीएस रानीपुर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मना, सांसद त्रिवेंद्र रावत ने छात्रों संग किया योग 

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) दिल्ली पब्लिक स्कूल रानीपुर में रविवार को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 1000 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और विशिष्ट अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान मौजूद रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी से दैनिक जीवन में योग अपनाने का आह्वान किया।विशिष्ट अतिथि विधायक आदेश चौहान ने ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से विद्यार्थियों में जोश भरा। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिदिन योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और राष्ट्रप्रेम व सकारात्मक सोच के साथ जीवन जिएं।

मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भारत का गौरवशाली इतिहास हजारों साल पुराना है। योग की परंपरा महर्षि पतंजलि से शुरू होकर भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2015 से 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में पूरे विश्व में मनाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि आज योग केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम बन चुका है। योग मन, शरीर और बुद्धि को संतुलित कर नकारात्मकता दूर करता है। उन्होंने सूर्य नमस्कार के वैज्ञानिक महत्व पर भी प्रकाश डाला। डीपीएस के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के साथ योग करना उनके लिए सुखद और प्रेरणादायक अनुभव रहा।

इस अवसर पर प्रख्यात योगाचार्य योगी रजनीश और योगाचार्य मोहन ने उपस्थित लोगों को योग की आधारभूत जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया।मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक आदेश चौहान और प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने भी विद्यार्थियों के साथ योगाभ्यास किया। छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा था।कार्यक्रम के अंत में मंच संचालक अशोक तिवारी और रिया शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार जताया।

Exit mobile version